नई दिल्ली:
विंग कमांडर अभिनंदन वर्थमान को 2019 में पकड़ने वाला पाकिस्तानी कमांडो मेजर सैयद मुइज़ अब इस दुनिया में नहीं रहा। खुफिया सूत्रों के अनुसार, तेहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने उसे मार गिराया है। यह घटना खैबर पख्तूनख्वा के सरगोधा इलाके में बताई जा रही है।
TTP, जिसे अक्सर ‘पाकिस्तानी तालिबान’ कहा जाता है, पाकिस्तान-अफगान सीमा पर सक्रिय एक कट्टरपंथी आतंकवादी संगठन है। मेजर मुइज़ पाकिस्तानी स्पेशल सर्विस ग्रुप (SSG) की 6वीं कमांडो बटालियन में तैनात था।
अभिनंदन की वीरता
ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्थमान 27 फरवरी, 2019 को एक मिग-21 बाइसन विमान में सवार थे, जब उन्होंने एक पाकिस्तानी एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। यह संघर्ष बालाकोट एयरस्ट्राइक के अगले दिन हुआ था, जो भारत की पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में की गई थी।
दुर्भाग्यवश, डॉगफाइट के दौरान अभिनंदन पाक अधिकृत कश्मीर के इलाके में पहुंच गए, जहां उनका विमान गिर गया। उन्हें पाकिस्तान ने बंदी बना लिया और लगभग 60 घंटे तक हिरासत में रखा। लेकिन भारत की कूटनीतिक दबाव और अंतरराष्ट्रीय समर्थन के कारण पाकिस्तान को उन्हें रिहा करना पड़ा।
बालाकोट स्ट्राइक की पृष्ठभूमि
14 फरवरी, 2019 को हुए पुलवामा हमले में एक आत्मघाती हमलावर ने 40 भारतीय जवानों की जान ले ली थी। इस हमले की ज़िम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। जवाब में भारत ने 26 फरवरी को बालाकोट स्थित जैश के आतंकी शिविरों पर एयरस्ट्राइक की थी, जिसमें कई आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया था।
वीरता का सम्मान
विंग कमांडर अभिनंदन को उनकी बहादुरी के लिए ‘वीर चक्र’ से सम्मानित किया गया था और 2021 में उन्हें ग्रुप कैप्टन पद पर पदोन्नत किया गया।

