पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर अहमद शहजाद, जिन्हें एक समय “पाकिस्तान का विराट कोहली” कहा जाता था, ने एशिया कप 2025 को लेकर बड़ा बयान दिया है। अहमद की पहचान उनके स्टाइलिश अंदाज और विराट कोहली जैसी शक्ल-सूरत के कारण हमेशा चर्चा में रही है। अब उन्होंने इस साल होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले और पूरे टूर्नामेंट के विजेता को लेकर भविष्यवाणी की है।
अहमद शहजाद ने कहा कि कागज पर भारतीय टीम बेहद मजबूत दिखती है और हाल के समय में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने माना कि पाकिस्तान की मौजूदा फॉर्म उतनी अच्छी नहीं है, लेकिन भारत-पाकिस्तान का मैच हमेशा दबाव भरा होता है। इस दबाव में दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबरी का हो जाता है।
अहमद ने कहा, “इन मैचों में फेवरेट का टैग मायने नहीं रखता। जो टीम दबाव को बेहतर तरीके से संभालेगी, वही जीतेगी। भारत का पलड़ा भारी है, लेकिन पाकिस्तान भी चौंका सकता है।”
अहमद शहजाद ने कहा कि उनका मानना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच जीत के चांस 50-50 रहेंगे। उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं पाकिस्तान न सिर्फ भारत को हराए बल्कि एशिया कप का खिताब जीतकर अपने फैंस को खुश करे। फैंस लंबे समय से इस खुशी का इंतजार कर रहे हैं।”
एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होगी। भारत अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगा, जबकि पाकिस्तान 12 सितंबर को ओमान से भिड़ेगा। भारत और पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मैच 14 सितंबर को तय है। टूर्नामेंट का फाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा।

