अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने ताज़ा पुरुष वनडे ऑलराउंडर रैंकिंग जारी कर दी है। इस बार की रैंकिंग में एशियाई खिलाड़ियों का दबदबा साफ नजर आ रहा है। खासकर अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले दो स्थान पर कब्जा कर लिया है। वहीं जिम्बाब्वे, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के स्टार ऑलराउंडर भी टॉप-5 में जगह बनाने में सफल रहे। चौंकाने वाली बात यह है कि शीर्ष 5 में किसी भी भारतीय खिलाड़ी का नाम शामिल नहीं है।
1 अजमतुल्लाह उमरजई (अफगानिस्तान) – 296 अंक
अफगानिस्तान के युवा ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2025 में लाहौर में खेले गए मुकाबले में उनके हरफनमौला खेल ने सबका ध्यान खींचा। 296 अंकों के साथ उन्होंने अपने करियर की बेस्ट रेटिंग हासिल की।
2 मोहम्मद नबी (अफगानिस्तान) – 292 अंक
अनुभवी मोहम्मद नबी लंबे समय से अफगानिस्तान क्रिकेट की रीढ़ रहे हैं। 292 अंक के साथ वह इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। नबी ने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ 350 की करियर बेस्ट रेटिंग बनाई थी।
3 सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) – 290 अंक
जिम्बाब्वे के स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा तीसरे पायदान पर हैं। 290 अंक के साथ वह अपनी टीम के लिए लगातार अहम योगदान दे रहे हैं। 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 299 की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की थी।
4 मेहदी हसन मिराज (बांग्लादेश) – 249 अंक
बांग्लादेश के ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज ने 249 अंक के साथ चौथा स्थान हासिल किया। भारत के खिलाफ 2022 में मीरपुर में उनके प्रदर्शन ने उन्हें करियर की सर्वश्रेष्ठ 295 रेटिंग दिलाई थी।
5 माइकल ब्रेसवेल (न्यूजीलैंड) – 246 अंक
न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल 246 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 2025 में उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग दर्ज की।
इस बार की रैंकिंग से साफ हो गया है कि अफगानिस्तान क्रिकेट लगातार तरक्की कर रहा है और उनके खिलाड़ी अब विश्वस्तरीय ऑलराउंडर्स के रूप में पहचान बना रहे हैं। वहीं भारत के लिए यह रैंकिंग चिंता का विषय है क्योंकि कोई भी भारतीय खिलाड़ी टॉप-5 में जगह नहीं बना सका।

