Site icon CHANNEL009

आयरलैंड ने पहले टी20 में पाकिस्तान को 11 रन से हराया

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए आयरलैंड दौरे पर है। डबलिन के क्लोनटॉर्फ क्रिकेट क्लब में खेले गए पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 11 रन से हार झेलनी पड़ी।

मैच में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। आयरलैंड की टीम 19.4 ओवर में 142 रन पर ऑलआउट हो गई।

आयरलैंड की ओर से ओपनर और विकेटकीपर एमी हंटर ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। उन्होंने 30 गेंदों पर 5 चौके लगाए। इसके अलावा ओरला प्रेंडरगास्ट ने 29 और लिह पॉल ने 28 रन की अहम पारी खेली।

पाकिस्तान की ओर से फातिमा सना ने 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट लिए। सादिया इकबाल, दायना बेग, रमीन शमीम और नशरू संधू को 1-1 विकेट मिला।

143 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत खराब रही। सिर्फ 42 रन के स्कोर तक टीम अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद टीम संभल नहीं सकी और 20 ओवर में 9 विकेट पर केवल 131 रन ही बना पाई। नतालिया परवेज ने 29 और रमीन शमीम ने 27 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

आयरलैंड की तरफ से ओरला प्रेंडरगास्ट ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जेन मैगुरे को 2 विकेट मिले, जबकि आवा कैनिंग, कारा मरे और लारा मैक्ब्रिड को 1-1 विकेट मिला। तीन मैचों की इस सीरीज का दूसरा मुकाबला 9 अगस्त को खेला जाएगा।

Exit mobile version