सिसिली, इटली: यूरोप के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में गिने जाने वाले माउंट एटना में एक बार फिर जबरदस्त विस्फोट हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा के समय क्षेत्र में मौजूद पर्यटक दहशत में आ गए और अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागते नजर आए। विस्फोट के बाद ज्वालामुखी से लावा, धुएं और राख के विशाल गुबार आसमान में उठते देखे गए।
विस्फोट से धरती में आई तेज़ हलचल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विस्फोट इतना तीव्र था कि आसपास की ज़मीन तक हिल गई। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, माउंट एटना के दक्षिण-पूर्वी क्रेटर का एक हिस्सा संभवतः धंस गया था, जिससे यह तीव्र विस्फोट हुआ। इस घटना के बाद लगातार धमाकों की आवाज़ें सुनाई देती रहीं।
लावे के फव्वारे और जहरीली गैसों का कहर
ज्वालामुखी से निकला लावा फव्वारे की तरह ऊपर उछला और इसके साथ ही भारी मात्रा में गर्म चट्टानें और सल्फर डाइऑक्साइड जैसी जहरीली गैसें वातावरण में फैल गईं। नजदीक स्थित कतानिया एयरपोर्ट को सुरक्षा के लिहाज से अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। विस्फोट से पहले रात करीब 10 बजे इलाके में भूकंपीय गतिविधि शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए चरम पर पहुंच गई।
चेतावनी स्तर में बदलाव: ‘कोड रेड’ से ‘ऑरेंज अलर्ट’ तक
वॉल्केनिक ऐश एडवाइजरी सेंटर टूलूज़ (VAAC) ने शुरू में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए “कोड रेड” अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में “ऑरेंज अलर्ट” में डाउनग्रेड कर दिया गया। संगठन ने बताया कि हवा में फैला राख और धुआं दक्षिण-पश्चिम की ओर बह रहा है, जिससे निकटवर्ती बस्तियों पर भी असर पड़ सकता है।
शनिवार से जारी है ज्वालामुखीय गतिविधि
इटली के राष्ट्रीय भूभौतिकी और ज्वालामुखी संस्थान (INGV) के अनुसार, शनिवार रात से लगातार स्ट्रोम्बोलियन विस्फोट हो रहे हैं, जिनकी तीव्रता अब खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अब यह गतिविधि लावा फव्वारों में तब्दील हो चुकी है और भूकंपीय कंपन का स्तर भी काफी ऊंचा दर्ज किया गया है।
पहले भी दे चुका है खतरे का संकेत
यह कोई पहला मौका नहीं है जब माउंट एटना इस तरह फटा हो। मई और फरवरी 2024 में भी इस ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ था, जिससे कई कस्बे ज्वालामुखीय राख की परत से ढक गए थे और आसमान तक आग की लपटें उठती देखी गई थीं।

