भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में एक नई बहस खड़ी हो गई है। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर डेविड लॉयड ने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत की चोट पर सवाल उठाते हुए एक विवादित बयान दे दिया है।
एक क्रिकेट शो के दौरान डेविड लॉयड ने कहा कि, “कुछ लोगों की यह राय है कि ऋषभ पंत की चोट उतनी गंभीर नहीं थी, और शायद वे इसका फायदा उठा रहे थे।” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और फैंस दो हिस्सों में बंट गए। पहले दिन, जब भारत की टीम बल्लेबाज़ी कर रही थी, ऋषभ पंत 37 रन पर खेल रहे थे। तभी इंग्लिश गेंदबाज़ क्रिस वोक्स ने एक तेज यॉर्कर डाली। पंत ने उसे रिवर्स स्वीप करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके दाहिने पैर के अंगूठे पर जा लगी। दर्द से कराहते हुए पंत को मैदान से बाहर ले जाया गया। इसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें स्कैन के लिए भेजा, जिसमें पता चला कि उनके अंगूठे में हल्का फ्रैक्चर है।
चोट लगने के बाद भी ऋषभ पंत ने हार नहीं मानी। जब अगले दिन शार्दुल ठाकुर आउट हो गए, तो पंत ने हिम्मत दिखाते हुए मैदान पर लौटकर फिर से बल्लेबाज़ी की। उन्होंने टीम के लिए जरूरी रन बनाए और फैंस का दिल जीत लिया।
डेविड लॉयड का बयान इस वक्त सवालों के घेरे में है। कई क्रिकेट एक्सपर्ट और फैंस का कहना है कि किसी खिलाड़ी की हिम्मत पर सवाल उठाना सही नहीं है, खासकर जब वो चोट के बावजूद मैदान पर उतरकर टीम के लिए योगदान दे रहा हो।

