जब भी भारत और पाकिस्तान क्रिकेट मैदान पर आमने-सामने होते हैं, तो यह मुकाबला सिर्फ खेल नहीं बल्कि जज्बातों का भी संग्राम बन जाता है। राजनीतिक मतभेदों के चलते दोनों देशों के बीच लंबे समय से द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई है। ऐसे में क्रिकेट फैंस को इन दोनों टीमों का टकराव सिर्फ बड़े टूर्नामेंट जैसे आईसीसी इवेंट या एशिया कप में देखने को मिलता है। इसी कड़ी में अगले महीने होने वाले एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत का सभी को बेसब्री से इंतजार है।
इस हाई-वोल्टेज मुकाबले की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ब्रॉडकास्टर्स ने विज्ञापनों की दरें बेहद ऊंची रखी हैं। एशिया कप 2025 के मीडिया राइट्स सोनी पिक्चर नेटवर्क इंडिया के पास हैं। भारत-पाकिस्तान मैचों के दौरान कंपनियों को विज्ञापन देने के लिए मोटी रकम चुकानी पड़ेगी।
टीवी विज्ञापन दरें: भारत के मैचों के लिए 10 सेकंड के विज्ञापन की कीमत 14 से 16 लाख रुपये तय की गई है।
स्पॉन्सरशिप पैकेज:
- को-प्रजेंटिंग स्पॉन्सर: 18 करोड़ रुपये
- एसोसिएट स्पॉन्सर: 13 करोड़ रुपये
- डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी भारी रकम
- सोनी के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Sony LIV पर भी विज्ञापनों के रेट काफी ज्यादा हैं।
- को-प्रजेंटिंग और हाइलाइट्स पार्टनर: 30 करोड़ रुपये
- को-पावर्ड-बाय पैकेज: 18 करोड़ रुपये
- कुल डिजिटल विज्ञापनों में से 30% विज्ञापन भारत के मैचों के लिए रिजर्व रखे गए हैं।
एशिया कप 2025 टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में 8 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 19 मैच होंगे। इनमें भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले होने की संभावना है। ऐसे में इन मैचों का रोमांच और इनसे जुड़ी कमाई दोनों ही चरम पर होंगी।

