एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान होते ही सबसे बड़ा सरप्राइज शुभमन गिल की वापसी रही। लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे गिल न केवल स्क्वाड में लौटे, बल्कि उन्हें अक्षर पटेल की जगह उपकप्तान भी बना दिया गया है। इस फैसले से साफ है कि सिलेक्टर्स और मैनेजमेंट गिल पर बड़ा भरोसा जता रहे हैं।
टीम की घोषणा से पहले इस बात पर सस्पेंस था कि गिल को जगह मिलेगी या नहीं। आखिरकार जब नाम आया तो सवाल यह उठा कि गिल की एंट्री से किस खिलाड़ी को बाहर होना पड़ा। इंग्लैंड के खिलाफ पिछली टी20 सीरीज में खेले खिलाड़ियों में से ध्रुव जुरेल, मोहम्मद शमी, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को इस बार टीम से बाहर कर दिया गया। वहीं गिल टॉप ऑर्डर में बैटिंग करते हैं, ऐसे में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन या तिलक वर्मा के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव होना लगभग तय है।
टीम घोषणा के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि गिल को उपकप्तान बनाने की योजना पहले से ही तैयार थी। उन्होंने कहा,
“जिम्बाब्वे सीरीज के बाद जब भारत ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 खेला था, तब गिल ही टीम के उपकप्तान थे। उसके बाद वे अन्य सीरीज में व्यस्त रहे और टीम से बाहर रहे। लेकिन एशिया कप के लिए शुरुआत से ही यही प्लान था कि गिल उपकप्तान होंगे।”
गिल की मौजूदगी से भारत के टॉप ऑर्डर को नई मजबूती मिलेगी। वे ओपनिंग में दमदार शुरुआत दिला सकते हैं और कप्तान सूर्या के लिए यह बड़ी राहत होगी। उनकी कप्तानी का अनुभव भले कम हो, लेकिन मैनेजमेंट उन्हें भविष्य का लीडर मान रहा है।
अब फैन्स की नजरें होंगी कि एशिया कप में शुभमन गिल टीम इंडिया के लिए किस तरह प्रदर्शन करते हैं और उपकप्तान के रूप में अपनी भूमिका कितनी सफलतापूर्वक निभा पाते हैं।

