
मध्य प्रदेश के उज्जैन की रहने वाली मनीषा भटनागर इन दिनों कतर के दोहा में फंसी हुई हैं। ईरान और इजराइल के बीच चल रहे तनाव के चलते कतर में भी हालात बिगड़ गए हैं। मनीषा कतर एयरवेज में सीनियर केबिन क्रू मेंबर के तौर पर काम कर रही हैं और पिछले 3 साल से वहीं रह रही हैं।
पति ने लगाई मदद की गुहार
मनीषा के पति रजत भटनागर उज्जैन में रहते हैं और सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार रात मनीषा का फोन आया था और वह बहुत घबराई हुई थीं। उन्होंने बताया कि घर के पास मिसाइल अटैक की आवाजें आ रही हैं। इसके बाद रजत ने न्यूज चैनल पर देखा कि ईरान ने कतर में अमेरिकी सैन्य बेस पर हमला किया है। जब रजत ने दोबारा मनीषा को कॉल किया, तो फोन नहीं उठा। इसके बाद से परिवार काफी परेशान हो गया।
सीएम ने तुरंत लिया एक्शन
रजत ने इस बारे में युवा मोर्चा के एक नेता से बात की, जिन्होंने मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचाया। सीएम मोहन यादव ने तुरंत इस पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और मनीषा की सुरक्षित वापसी के लिए मदद मांगी।
स्थिति अब सामान्य, मनीषा से हुआ संपर्क
रजत ने बताया कि मंगलवार देर शाम मनीषा से संपर्क हो गया है। उन्होंने बताया कि अब दोहा की स्थिति सामान्य हो रही है और वह जल्द ही उज्जैन लौटेंगी। प्रशासन की ओर से भी रजत को फोन कर जानकारी ली गई है।
सीएम ने दी जानकारी
सीएम मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल “एक्स” पर लिखा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मनीषा भटनागर की सुरक्षित वापसी के लिए सहयोग मांगा है। साथ ही प्रदेश के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्र सरकार से समन्वय बनाकर मनीषा की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।
अब मनीषा के परिवार को उम्मीद है कि वह जल्द ही सुरक्षित अपने घर लौट आएंगी।
