हरियाणा के पलवल के युवा निशानेबाज कपिल बैंसला ने कजाकिस्तान के श्यामकेंट शहर में चल रही 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाकर इतिहास रच दिया।
उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष जूनियर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 243.0 अंक बनाए। कपिल ने उज्बेकिस्तान के इल्खोमबेक ओबिदजोनोव को कड़े मुकाबले में 0.6 अंक से पछाड़ा और स्वर्ण पर कब्जा किया। भारत के ही जोनाथन गेविन एंटनी ने 220.7 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। हालांकि 24 शॉट के फाइनल में वे 22वें शॉट के बाद बाहर हो गए। क्वालीफिकेशन राउंड में कपिल ने 579 अंक हासिल कर चौथा स्थान पाया था जबकि जोनाथन ने 582 अंक बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया था।
फाइनल में तीन भारतीय खिलाड़ी पहुंचे थे – कपिल, जोनाथन और मुकेश नेलावली। मुकेश ने भी शानदार प्रदर्शन किया लेकिन उनसे थोड़े इनर 10 अंक कम रहने के कारण वे तीसरे स्थान पर रहे।
फाइनल मुकाबले में उतार-चढ़ाव भरा खेल देखने को मिला। इल्खोमबेक शुरुआत में आगे थे, लेकिन 15वें शॉट के बाद कपिल ने पहली बार बढ़त बनाई। 20वें शॉट तक उज्बेक खिलाड़ी एक अंक आगे हो गए थे, लेकिन कपिल ने अंतिम दौर में दबदबा दिखाया। उन्होंने 10.8 और 10.6 का शानदार स्कोर किया, जबकि इल्खोमबेक ने 9.4 का शॉट लगाकर खिताब भारतीय खिलाड़ी को सौंप दिया।
कपिल और जोनाथन ने विजय तोमर के साथ मिलकर टीम इवेंट में कुल 1723 अंक बनाए और रजत पदक हासिल किया। कोरिया ने 1734 अंक बनाकर स्वर्ण जीता जबकि मेज़बान कजाकिस्तान को कांस्य से संतोष करना पड़ा।
सीनियर पुरुष वर्ग में भारत के अनमोल जैन ने 155.1 अंकों के साथ छठा स्थान पाया। इस स्पर्धा का स्वर्ण चीन के हू काई ने जीता। टीम इवेंट में अनमोल, आदित्य मालरा और सौरभ चौधरी ने मिलकर 1735 अंक बनाए और भारत को एक और रजत पदक दिलाया।
इस तरह भारत ने प्रतियोगिता के पहले दिन कुल 1 स्वर्ण और 2 रजत पदक अपने नाम किए। अब सबकी नजरें महिला और जूनियर महिला एयर पिस्टल के फाइनल मुकाबलों पर हैं, जो मंगलवार को खेले जाने थे।
यह जीत कपिल बैंसला और भारतीय निशानेबाजी के लिए बड़ी प्रेरणा साबित हुई है।

