भारतीय टी-20 बल्लेबाज तिलक वर्मा ने इंग्लैंड में चल रहे काउंटी क्रिकेट वनडे कप में शानदार प्रदर्शन किया। साउथंप्टन में खेले गए ग्रुप-ए मैच में उन्होंने एसेक्स के खिलाफ 54 रन बनाए और जो वीदरली के साथ 98 रन की साझेदारी की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए एसेक्स ने 285 रन बनाए, जिसमें चार्ली एलिसन (80), टॉम वेस्ले (61) और रॉबिन दास (50) ने अर्धशतक जड़े। हैम्पशायर के लिए काइल एबॉट, एडी जैक, डॉमिनिक केली और एंड्र्यू नील ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए हैम्पशायर ने 46.2 ओवर में 288/5 रन बनाकर मैच जीत लिया। कप्तान निक गबिन्स (40) और अली ओर (29) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। तिलक के आउट होने के बाद वीदरली ने नाबाद शतक जड़कर टीम को 22 गेंद शेष रहते जीत दिलाई।
तिलक वर्मा इस सीजन हैम्पशायर के लिए पहले ही दो शतक लगा चुके हैं और आने वाले दिनों में दलीप ट्रॉफी में भी खेलते नजर आएंगे।

