क्रिकेट के मैदान पर अक्सर खिलाड़ियों के शॉट्स, गेंदबाजों की स्पीड या मैच के रोमांचक मोमेंट्स वायरल होते हैं, लेकिन इस बार सुर्खियों में हैं एक अंपायर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से फैल रहा है जिसमें अंपायर वाइड देने का इशारा ऐसे अंदाज में करते हैं कि देखकर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे। वीडियो में देखा जा सकता है कि अंपायर पहले रेसलिंग स्टार Triple H की तरह मुंह से पानी की बौछार मारते हैं, फिर दोनों पैरों को चौड़ा करके और पूरे जोश के साथ वाइड का सिग्नल देते हैं। उनका यह अनोखा अंदाज क्रिकेट फैंस के लिए किसी एंटरटेनमेंट शो से कम नहीं लग रहा।
ये नजारा देखकर लोगों को न्यूजीलैंड के मशहूर अंपायर बिली बॉडेन की याद आ गई, जो अपने अतरंगी इशारों और यूनिक स्टाइल के लिए जाने जाते थे। फर्क बस इतना है कि बिली बॉडेन विकेट या आउट के समय उंगली मोड़कर स्लो मोशन में ऊपर उठाते थे, जबकि ये भारतीय अंपायर सीधे-सीधे एक कदम आगे बढ़कर पूरे ड्रामेटिक अंदाज में वाइड का इशारा कर रहे हैं।
वीडियो के सोशल मीडिया पर आने के बाद लोग इसे बार-बार देख रहे हैं और कमेंट्स में जमकर मजे ले रहे हैं। कोई इन्हें “क्रिकेट का Triple H” कह रहा है तो कोई मजाक में कह रहा है कि “IPL में ऐसे अंपायर हों तो मैच और मजेदार हो जाएंगे”।

