
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जातीय जनगणना और फोन टैपिंग के मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया।
फोन टैपिंग मामले में कांग्रेस का नैतिक अधिकार नहीं
शेखावत ने कहा कि अशोक गहलोत सरकार के समय हुई फोन टैपिंग की बात खुद मुख्यमंत्री के तत्कालीन ओएसडी ने मानी थी, इसलिए अब कांग्रेस को इस मुद्दे पर बोलने का कोई नैतिक हक नहीं है। उन्होंने कहा कि उस समय गहलोत सरकार के मंत्री, विधायक और उपमुख्यमंत्री खुद आपस में एक-दूसरे पर टिप्पणी करते थे।
जातीय जनगणना पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर तंज
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस जानबूझकर जातीय जनगणना को लेकर भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि जब कोई विषय समझ में न आए तो उस पर प्रतिक्रिया देने के बजाय विनोद कर लेना बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी एक ऐसी पार्टी है जो मिलकर फैसले लेती है और परिवार भाव से काम करती है।
मोदी को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मान पर बोले- ये भारत का सम्मान है
प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस में मिले सम्मान को लेकर उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि पूरे देश का है। मोदी जी ने पूरी दुनिया में भारत की ताकत को दिखाया है और 140 करोड़ भारतीयों का मान बढ़ाया है।
भारत विरोधियों पर भी साधा निशाना
शेखावत ने कहा कि उरी, पुलवामा और पहलगाम जैसे हमलों के बाद भारत ने जिस तरह अपनी ताकत दिखाई, उससे भारत विरोधियों के हौसले टूट गए हैं। ऐसे लोग आज भी भारत को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इससे भारत की छवि पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
भूपेंद्र यादव का जोधपुर में स्वागत
सोमवार सुबह केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव जोधपुर पहुंचे और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के घर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़, जिला अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल और जिला महामंत्री मनीष पुरोहित भी मौजूद रहे। शेखावत ने भूपेंद्र यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया।
