
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन, फिर मिल के बाहर धरना
शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पार्क में इकट्ठा हुए और विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने नारेबाजी कर प्रशासन और मिल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। इसके बाद शाम को किसान बचई स्थित शुगर मिल परिसर पहुंच गए और वहां धरना शुरू कर दिया।
137 करोड़ रुपये का बकाया
किसानों का कहना है कि मिल में गन्ना बेचने वाले करीब एक हजार किसानों का लगभग 137 करोड़ रुपये भुगतान बाकी है। कई बार ज्ञापन और प्रदर्शन करने के बाद भी उन्हें पैसा नहीं मिला है।
हर साल होती है यही समस्या
किसानों का कहना है कि जिले में यह समस्या नई नहीं है। हर साल गन्ना किसानों को भुगतान के लिए आंदोलन करना पड़ता है। प्रशासन ने मिल को समय पर भुगतान करने के निर्देश तो दिए, लेकिन उनका पालन नहीं हो पाया।
किसान नेता ने जताई नाराजगी
किसान नेता देवेंद्र पाठक ने कहा कि किसान अपने ही पैसे के लिए बार-बार संघर्ष कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रशासन भी इस मामले में बेबस नजर आ रहा है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही।
अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने किसानों को समझाने की कोशिश की। जब किसान मिल परिसर पहुंच गए तो वहां भी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। देर रात तक किसान अपनी मांग पर अड़े रहे कि जब तक भुगतान नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा।
किसानों की परेशानी
कई किसानों ने अपनी परेशानियां भी बताईं। किसी को बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसे चाहिए, तो किसी को परिवार के इलाज और शादी के खर्च के लिए भुगतान की जरूरत है।
प्रशासन का कहना
गन्ना विभाग के सहायक संचालक डॉ. अभिषेक दुबे ने बताया कि किसानों और मिल प्रबंधन के बीच बातचीत चल रही है। मिल ने अब तक करीब 140 करोड़ रुपये का गन्ना खरीदा है और लगभग 72 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। बाकी भुगतान जल्द कराने के लिए मिल प्रबंधन को कहा गया है।
