Site icon CHANNEL009

गाजा में इजरायली हवाई हमलों से भारी तबाही, 22 बच्चों सहित 70 लोगों की मौत – नेतन्याहू ने कहा, “हमले रुकने का सवाल ही नहीं”

israeli attack on gaza

गाजा सिटी: इजरायल के ताजा हवाई हमलों ने गाजा पट्टी में भीषण तबाही मचाई है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों और अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उत्तरी गाजा के जबालिया इलाके में हुए बमबारी में 22 बच्चों समेत कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई। समग्र रूप से इन हमलों में मरने वालों की संख्या 70 के पार बताई जा रही है।

ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ तौर पर कहा है कि “जब तक हमास को पूरी तरह हराया नहीं जाता, तब तक सैन्य अभियान नहीं रुकेगा।” यह बयान एक इजराइली-अमेरिकी बंधक की हमास द्वारा रिहाई और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्य पूर्व यात्रा के बीच आया है।

इलाका खाली करने की चेतावनी, मलबे से शव निकालते बचावकर्मी

इजरायली सेना ने हालांकि इन हमलों पर सीधी टिप्पणी नहीं की, लेकिन जबालिया के निवासियों को पहले ही क्षेत्र खाली करने की चेतावनी दी गई थी। बताया गया कि वहां हमास के रॉकेट लांचर और अन्य सैन्य ढांचे स्थित हैं। स्थानीय बचावकर्मियों ने हाथों से चलने वाले औजारों से मलबा हटाकर बच्चों के शव निकाले। इजरायल ने संकेत दिया है कि गाजा में वह अपने अभियान को और तेज कर सकता है।

“हमास का खात्मा हमारा मिशन है” – नेतन्याहू

प्रधानमंत्री नेतन्याहू के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया कि इजरायली सेना बहुत जल्द और बड़ी संख्या में गाजा में प्रवेश करेगी ताकि हमास के खिलाफ चल रहे मिशन को पूरा किया जा सके। यह तब हो रहा है जब गाजा पर इजरायल की घेराबंदी तीसरे महीने में प्रवेश कर चुकी है।

अब तक 52,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक इजरायली कार्रवाई में 52,928 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। हालिया आंकड़ों में यह भी कहा गया कि 18 मार्च के बाद से ही करीब 3,000 लोगों की मौत हुई है।

इजरायली मीडिया का कहना है कि मंगलवार को खान यूनिस के एक अस्पताल पर किए गए हमले में लक्ष्य मोहम्मद सिनवार था — मारे गए हमास कमांडर याह्या सिनवार का भाई। सेना ने दावा किया कि वह हमास के कमांड सेंटर को निशाना बना रही थी जो अस्पताल के नीचे स्थित था।

स्वास्थ्य सुविधाएं ध्वस्त, एम्बुलेंस भी नहीं पहुंच पा रही

गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि एम्बुलेंस तक अस्पतालों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। हमलों में पानी और सीवेज सिस्टम भी नष्ट हो चुका है। डॉ. मारवान अल-हम्स ने बताया कि बुलडोजर, जो अस्पताल तक रास्ता साफ करने आया था, उसे भी इजरायली सेना ने निशाना बनाया।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया: फ्रांस ने की आलोचना

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने नेतन्याहू सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मानवीय सहायता पहुंचाने में बाधा डालना “अपमानजनक” है। फ्रांस समेत कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने चेतावनी दी है कि अगर नाकेबंदी और सैन्य अभियान नहीं रुके तो गाजा में खाद्य संकट और अकाल की स्थिति बन सकती है।

Exit mobile version