
दंतेवाड़ा जिले की गीदम-बारसूर सड़क पर हीरानार के पास एक खतरनाक गड्ढा अब तक भरा नहीं गया है। तीन महीने पहले इसी गड्ढे की वजह से एक कार पुल से नीचे गिर गई थी, जिसमें गीदम के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी और अन्य लोग घायल हो गए थे। यह मामला गीदम थाने में दर्ज भी किया गया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर कई गड्ढे हैं, लेकिन हीरानार के पास वाला गड्ढा सबसे ज्यादा खतरनाक है। आए दिन वहां वाहन चालकों को हादसों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद प्रशासन अब तक इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
पर्यटकों और आम लोगों को हो रही परेशानी
बारसूर एक मशहूर ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल है, जहां हर दिन सैकड़ों पर्यटक और स्थानीय लोग जाते हैं। लेकिन गीदम-बारसूर मार्ग की खराब हालत और गहरे गड्ढों के कारण उन्हें भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। लोग कहते हैं कि नेता और अधिकारी भी इस सड़क से गुजरते हैं, लेकिन किसी ने अब तक सुधार की कोशिश नहीं की।
प्रशासन की चुप्पी
इस मामले में लोक निर्माण विभाग गीदम के एसडीओ से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन नेटवर्क न होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
लोगों की मांग – जल्द हो सड़क की मरम्मत
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने मांग की है कि इस जानलेवा गड्ढे के साथ-साथ पूरे गीदम-बारसूर मार्ग की जल्द मरम्मत की जाए। उनका कहना है कि अगर जल्दी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे विरोध प्रदर्शन और आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
