ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। 12 अगस्त को डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में मैक्सवेल के पास एक खास और दुर्लभ रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका होगा।
अगर वह इस मैच में 3 विकेट लेने में सफल रहते हैं, तो वह टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 2500 से ज्यादा रन और 50 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की खास लिस्ट में शामिल हो जाएंगे। अभी तक वर्ल्ड क्रिकेट में सिर्फ तीन खिलाड़ी ही ऐसा कर पाए हैं – बांग्लादेश के शाकिब अल हसन, पाकिस्तान के मोहम्मद हफीज और मलेशिया के वीरनदीप सिंह। ऐसे में मैक्सवेल का नाम इस लिस्ट में चौथे खिलाड़ी के रूप में जुड़ सकता है।
अब तक यह कारनामा करने वाले खिलाड़ी
- शाकिब अल हसन (बांग्लादेश) – 129 मैच, 2551 रन और 149 विकेट
- मोहम्मद हफीज (पाकिस्तान) – 119 मैच, 2514 रन और 61 विकेट
- वीरनदीप सिंह (मलेशिया) – 102 मैच, 3013 रन और 97 विकेट
मैक्सवेल के वर्तमान आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने अब तक 122 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें 112 पारियों में 2755 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 29.00 का है और उन्होंने 5 शतक व 11 अर्धशतक लगाए हैं। गेंदबाजी में भी उन्होंने 47 विकेट हासिल किए हैं, उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3 विकेट देकर सिर्फ 10 रन देना रहा है।
दूसरा रिकॉर्ड – 150 छक्कों का
सिर्फ गेंदबाजी में ही नहीं, इस मैच में मैक्सवेल के पास बल्लेबाजी में भी एक नया मील का पत्थर छूने का मौका होगा। अगर वह 5 और छक्के लगा देते हैं, तो टी-20 इंटरनेशनल में 150 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले ऑस्ट्रेलिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
दुनिया में अब तक सिर्फ चार खिलाड़ी ही यह कारनामा कर पाए हैं – रोहित शर्मा (भारत), मार्टिन गुप्टिल (न्यूजीलैंड), मोहम्मद वसीम (यूएई) और जोस बटलर (इंग्लैंड)। मैक्सवेल यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो उनका नाम इन दिग्गज बल्लेबाजों की लिस्ट में जुड़ जाएगा।
दूसरे टी-20 मुकाबले में सभी की निगाहें मैक्सवेल के प्रदर्शन पर रहेंगी। वह इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं और गेंद-बल्ले दोनों से टीम के लिए योगदान दे सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया चाहेगा कि उनका यह अनुभवी ऑलराउंडर दोनों बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करे और टीम को सीरीज में बढ़त दिलाए।

