
मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर एक ऐतिहासिक और तेजी से बढ़ता हुआ शहर है। मेट्रो का विस्तार शहर की बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव को कम करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि जयपुरवासियों को एक आधुनिक और आसान परिवहन सुविधा मिले, जिससे जयपुर एक स्मार्ट सिटी के रूप में देश में उदाहरण बने।
सीएम भजनलाल शर्मा ने यह भी कहा कि मेट्रो प्रोजेक्ट में खर्च और लागत का सही आकलन किया जाए, ताकि वित्तीय संसाधनों का सही उपयोग हो और जनता को बेहतर सेवा मिल सके। बैठक में मुख्यमंत्री ने मेट्रो के प्रस्तावित रूट, लागत, परियोजना की व्यवहार्यता और वित्तीय मॉडल की जानकारी भी ली।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट के पास बनेंगे मेट्रो स्टेशन
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेट्रो रूट ऐसा तय किया जाए जिससे आम लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशन रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट के नजदीक बनाए जाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग मेट्रो सेवा का लाभ उठा सकें।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मेट्रो परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, मुख्यमंत्री कार्यालय के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल, प्रमुख सचिव आलोक गुप्ता, जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के सीएमडी वैभव गालरिया, जयपुर विकास प्राधिकरण की आयुक्त आनंदी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
