
आरोपी को पकड़ने गई थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाने में दर्ज लूट के मामले में वांछित आरोपी पंकज गौतम के गांव आने की सूचना पुलिस को मिली थी। बताया गया कि वह अपने दादा की तेरहवीं में शामिल होने आया था। मुखबिर की सूचना पर एसओजी और पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी।
ग्रामीणों ने किया हमला
दबिश के दौरान ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि पुलिस पर लाठी-डंडों से वार किया गया और पथराव भी हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बक्शा थाना अध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके वाहन में भी तोड़फोड़ कर दी गई।
हमले में एसओजी का एक सिपाही और सिकरारा थाने के दारोगा विनोद सिंह घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गांव में तैनात की गई अतिरिक्त फोर्स
घटना के बाद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामला गंभीरता से लिया। पांच थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। उपद्रव करने वालों की तलाश जारी है और कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का आरोप
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस गांव में पहुंचकर लोगों के साथ मारपीट करने लगी। उनका आरोप है कि पुलिस ने घरों में घुसकर तोड़फोड़ की और सामान को नुकसान पहुंचाया। कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया।
फिलहाल गांव में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है और जांच जारी है।
