
महाराणा सांगा पर बयान की निंदा
राजस्थान स्थापना दिवस के तहत आयोजित जिला स्तरीय सुशासन समारोह में शामिल होने पहुंचे मंत्री गहलोत ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते महाराणा सांगा पर गलत बयान दिया गया है, जिसकी मैं निंदा करता हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि जिस सांसद ने यह बयान दिया है, उसे माफी मांगनी चाहिए।
नगर पालिका को ग्राम पंचायत बनाने पर बोले
गुढ़ागौड़जी और पौंख नगर पालिका को वापस ग्राम पंचायत बनाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह सरकार का नीतिगत निर्णय है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों से इस संबंध में चर्चा की गई होगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि मैं इस मुद्दे को मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री के सामने भी रखूंगा।
सरकारी योजनाओं की जानकारी दी
मंत्री गहलोत ने समारोह के दौरान सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। ऑडिटोरियम के लिए मंजूर की गई राशि का श्रेय उन्होंने विधायक राजेंद्र भाम्बू को दिया।
पुस्तक विमोचन लेकिन आमजन को नहीं दी गई
प्रभारी मंत्री ने जिले की ‘पंच गौरव पुस्तिका’ और सहकारिता वर्ष फोल्डर का विमोचन किया। लेकिन समारोह में सिर्फ 10 अतिथियों को ही पुस्तिकाएं दी गईं, जबकि अन्य को नहीं दी गई। अधिकारियों से इसका जवाब मांगा गया, लेकिन कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। मंत्री ने कहा कि यह पुस्तिका आम जनता और किसानों के लिए उपयोगी साबित होगी।
भाजपा के कई विधायक नहीं आए
यह कार्यक्रम जिला स्तरीय था, लेकिन झुंझुनूं से भाजपा विधायक राजेंद्र भाम्बू के अलावा कोई अन्य भाजपा विधायक शामिल नहीं हुआ। समारोह में जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, पूर्व सांसद संतोष अहलावत, भाजपा जिलाध्यक्ष बनवारीलाल सैनी और जिला कलेक्टर रामावतार मीणा मौजूद रहे। जब भाजपा विधायकों की गैरमौजूदगी पर सवाल किया गया तो जिलाध्यक्ष बनवारीलाल सैनी ने कहा कि वे किसी अन्य कार्य में व्यस्त रहे होंगे।
फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन
राजस्थान स्थापना दिवस के मौके पर सूचना केंद्र परिसर में पर्यटन विभाग और जनसंपर्क कार्यालय द्वारा फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मंत्री अविनाश गहलोत ने इसका फीता काटकर उद्घाटन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
