क्रिकेट मैचों में बारिश को खेल बिगाड़ते हुए कई बार देखा गया है, लेकिन इस बार टीम इंडिया की घोषणा में बारिश विलेन बन गई। दरअसल, एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया की घोषणा मंगलवार दोपहर 1:30 बजे होनी थी, लेकिन मुंबई में हो रही लगातार झमाझम बारिश ने इस ऐलान में बाधा डाल दी।
भारी बारिश के कारण मुंबई के कई हिस्सों में पानी भर गया है और एयरपोर्ट की गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। नतीजा यह हुआ कि टीम इंडिया की सिलेक्शन कमिटी के कई सदस्य समय पर मुंबई नहीं पहुंच सके। रिपोर्ट्स की मानें तो बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और कुछ चयनकर्ता फ्लाइट कैंसिल और देरी के चलते अभी तक मुंबई नहीं पहुंचे हैं।
हालांकि, अच्छी खबर यह है कि टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर पहले से ही मुंबई में मौजूद हैं। यही वजह है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस थोड़ी देरी से शुरू होने की संभावना है।
टीम सेलेक्शन में सबसे ज्यादा चर्चा श्रेयस अय्यर को लेकर हो रही है। रिपोर्ट्स में दावा है कि इस बार अय्यर को टीम इंडिया में जगह नहीं मिलेगी। अय्यर ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन डोमेस्टिक क्रिकेट को नज़रअंदाज़ करने और बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर होने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गईं। हालांकि, आईपीएल में उन्होंने पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को चैम्पियन बनाया और फिर पंजाब किंग्स को 2025 फाइनल तक पहुंचाकर अपनी कप्तानी साबित की है। यही कारण है कि उनके समर्थक उन्हें टीम में शामिल करने की मांग कर रहे हैं।
स्पिनर युजवेंद्र चहल के सिलेक्शन को लेकर भी फैन्स में उत्सुकता है। चहल लंबे समय से टीम इंडिया की प्लेइंग-11 से बाहर हैं और निजी जिंदगी में भी तलाक जैसी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में वे चाहेंगे कि इस बार एशिया कप की टीम में उनका चयन हो और करियर को दोबारा पटरी पर लाया जा सके।
बारिश ने भले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में विलेन का रोल निभा दिया हो, लेकिन फैन्स को अब भी बेसब्री से इंतज़ार है कि आखिरकार एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया की फाइनल लिस्ट कैसी होगी।

