चुनाव हारकर भावुक हुए अमेरिका से लौटे अनंतन
बोले- “एक हफ्ते के चुनावी पैसों ने 4 साल की सच्ची सेवा को हरा दिया”
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अमेरिका से लौटकर राजनीति में उतरे अनंतन का भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। चुनाव हारने के बाद उन्होंने लिखा कि “एक हफ्ते में बांटे गए चुनावी पैसों ने 4 साल की सच्ची सेवा को हरा दिया।”
अनंतन ने अपने पोस्ट में कहा कि उन्होंने विदेश की नौकरी और आरामदायक जिंदगी छोड़कर अपने इलाके के लोगों के लिए काम करने का फैसला लिया था। पिछले चार वर्षों में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर लगातार काम किया, लेकिन चुनावी माहौल में “पैसे और जातीय समीकरण” भारी पड़ गए।
उन्होंने बिना किसी पार्टी का नाम लिए आरोप लगाया कि चुनाव के आखिरी दिनों में बड़े पैमाने पर पैसा बांटा गया, जिससे मतदाताओं का रुख बदल गया। अनंतन ने लिखा कि “जनसेवा की राजनीति करना आज सबसे कठिन लड़ाई बन चुकी है।”
हालांकि हार के बावजूद उन्होंने राजनीति छोड़ने से इनकार किया। उन्होंने समर्थकों से कहा कि यह सिर्फ एक चुनाव की हार है, जनता के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
सोशल media पर अनंतन की पोस्ट को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग उनकी ईमानदारी की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इसे हार के बाद की निराशा बता रहे हैं।

