Site icon CHANNEL009

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो साथी घायल

बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में बुधवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठे दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

हिंडाल्को कंपनी में काम करता था मृतक

मृतक की पहचान 38 वर्षीय शशिकांत सोनवानी के रूप में हुई है। वह शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गम्हारडीह जरहाडीह का रहने वाला था और हिंडाल्को कंपनी की टाटीझरिया बॉक्साइट खदान में नियमित श्रमिक के रूप में काम करता था। उसका ससुराल कुसमी क्षेत्र के जवाहर नगर में है, जहां उसकी पत्नी और बच्चे रहते हैं।

शशिकांत सामरीपाठ के पास गोपातू गांव में किराए के मकान में रहकर खदान में काम करता था।

खरीददारी कर लौटते समय हुआ हादसा

बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे शशिकांत अपने ससुराल जवाहर नगर से गांव के ही परसू राम बुनकर और अनिल नगेशिया के साथ खरीददारी के लिए कुसमी आया था।

शाम करीब 7:15 बजे तीनों एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे। बाइक शशिकांत चला रहा था। ग्राम रतासीली से पहले माड़ी मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी।

मौके पर ही हुई मौत

टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में शशिकांत के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोनों साथियों को हल्की चोटें आई हैं।

चालक झारखंड की ओर फरार

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर झारखंड की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Exit mobile version