
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग का कहना है कि इसका असर सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक ही नहीं, बल्कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है।
अगले 24 घंटे में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में ठंड और बढ़ सकती है।
-
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा।
-
शनिवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।
सुबह और शाम के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी। IMD के मुताबिक, हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक भी हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। यह चेतावनी सुबह 10 बजे तक के लिए जारी की गई है। लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
इन इलाकों में भी अलर्ट
दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मौसम खराब रहने की चेतावनी है। आने वाले दिनों में बादल, बारिश और गरज के आसार बने रहेंगे। अनुमान है कि बारिश का यह दौर 27 जनवरी तक जारी रह सकता है।
इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है।
हवा की गुणवत्ता में थोड़ा सुधार
बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर की हवा में हल्का सुधार देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार सुबह दिल्ली का AQI 297 दर्ज किया गया। हालांकि यह अभी भी खराब श्रेणी में है, लेकिन पहले के मुकाबले थोड़ी राहत जरूर मिली है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर बारिश जारी रही, तो प्रदूषण में और सुधार हो सकता है।
बारिश और ठंड के बीच भी दिखा उत्साह
बारिश और ठंडी हवाओं के बावजूद बड़ी संख्या में लोग कर्तव्य पथ पर फुल ड्रेस रिहर्सल देखने पहुंचे। कुछ लोग रेनकोट पहनकर आए तो कुछ ने शॉल ओढ़ रखी थी। खराब मौसम के बावजूद लोगों का जोश कम नहीं हुआ और देश के प्रति उनका उत्साह साफ नजर आया।
