दीपक चाहर ने अपने करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन 2019 में किया, जब उन्होंने सिर्फ 7 रन देकर 6 विकेट चटकाए। यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट का अब तक का सबसे बेहतरीन बॉलिंग फिगर है। इसी एक मैच से दीपक रातों-रात स्टार बन गए और उन्होंने दिखा दिया कि वो अकेले दम पर मैच जिता सकते हैं।
दीपक चाहर सिर्फ अच्छे गेंदबाज ही नहीं हैं, बल्कि मुश्किल वक्त में टीम को जीत दिलाने वाले ऑलराउंडर भी हैं। 2021 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में उन्होंने नंबर 8 पर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 69 रन बनाए और भारत को जीत दिलाई। वनडे इतिहास में भारत के लिए यह स्कोर नंबर 8 या नीचे आकर सफल रन चेज़ में सबसे बड़ा है। इसके अलावा, दीपक चाहर ऐसे पहले भारतीय खिलाड़ी बने जिन्होंने नंबर 8 या नीचे आकर एक वनडे पारी में 3 छक्के लगाए। इस पारी ने साबित किया कि वो सिर्फ बॉलर नहीं, बल्कि ज़रूरत पड़ने पर शानदार बल्लेबाज भी हैं।
दीपक चाहर का IPL करियर भी काफी अच्छा रहा है। उन्होंने अब तक 95 मैचों में 88 विकेट लिए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए 2016 से 2024 तक खेले और 76 मैचों में 76 विकेट लेकर टीम के टॉप 5 गेंदबाजों में शामिल हुए। IPL 2025 में मुंबई इंडियंस से जुड़े, जहां उन्होंने 14 मैचों में 11 विकेट लिए। वो पूरी तरह फिट नहीं थे, फिर भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।
दीपक चाहर ने भारत के लिए आखिरी बार 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 मैच खेला था। इसके बाद चोटों के चलते वह टीम से बाहर हो गए, लेकिन फैंस अब भी उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं।

