
देवरिया:
सोमवार दोपहर देवरिया-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर बैतालपुर डिपो के पास एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। यहां यात्रियों से भरी एक अनुबंधित रोडवेज बस और पेट्रोल टैंकर में आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 31 लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यात्रियों की चीख-पुकार से मचा हड़कंप
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर गौरीबाजार पुलिस पहुंची और छह से ज्यादा एंबुलेंसों की मदद से घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया।
कट पर मुड़ते समय हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर ढाबे के पास कट पर मुड़ रहा था, तभी तेज रफ्तार बस उससे टकरा गई। टैंकर में डीजल भरा हुआ था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम इलाज में जुट गई।
मौके पर पहुंचे DM-SP और जनप्रतिनिधि
हादसे की खबर मिलते ही जिला अधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर, एसडीएम श्रुति शर्मा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद विधायक शलभ मणि त्रिपाठी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
अस्पताल में मचा हड़कंप
अचानक बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से मेडिकल कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई। सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा की निगरानी में डॉक्टरों की टीम सभी घायलों का इलाज कर रही है।
प्रशासन की ओर से घायलों की हर संभव मदद की जा रही है और दुर्घटना की जांच की जा रही है।
