
नौकरी दिलाने का दिया था भरोसा
महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर दूबे गांव के रहने वाले प्रशांत कुमार द्विवेदी, जो 2019 में सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं, ने आरोप लगाया कि उनकी पहचान देवरिया पुलिस कार्यालय में तैनात स्टेनो अफजल खान और सिपाही दीपक सिंह से थी। दोनों ने उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके बदले 15 लाख रुपये मांगे।
घर गिरवी रखकर भेजे पैसे
पीड़ित का कहना है कि भरोसा करके उन्होंने 3 दिसंबर 2024 को आरटीजीएस के जरिए 5 लाख और 10 लाख रुपये सिपाही दीपक सिंह की पत्नी साक्षी सिंह के बैंक खाते में भेज दिए। लेकिन पैसे लेने के बाद भी उन्हें नौकरी नहीं दिलाई गई।
पैसा मांगने पर दी धमकी
प्रशांत द्विवेदी का आरोप है कि जब उन्होंने बार-बार पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया और झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी।
एक लाख का चेक भी हुआ बाउंस
पीड़ित के अनुसार बाद में साक्षी सिंह ने 1 लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन खाते में पैसे न होने के कारण वह बाउंस हो गया। जब पीड़ित अपनी पत्नी के साथ पैसे मांगने उनके घर पहुंचे तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर पैसे देने से मना कर दिया।
तीनों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
इस मामले की शिकायत पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से की। इसके बाद देवरिया सदर कोतवाली में स्टेनो अफजल खान, सिपाही दीपक सिंह और साक्षी सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
