
मालवीय गेट से डाफी तक होगा सुंदरीकरण
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और बीएचयू के कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी के बीच हुई बैठक में कई योजनाओं पर सहमति बनी। इसके तहत मालवीय गेट से डाफी तक के इलाके का सुंदरीकरण किया जाएगा।
इसके अलावा कंदवा क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नई पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी।
हर साल 50 छात्रों को मिलेगी इंटर्नशिप
इस साझेदारी के तहत बीएचयू के 50 छात्रों को हर साल नगर निगम में इंटर्नशिप का अवसर दिया जाएगा। छात्र यहां काम करके शहरी विकास और सामाजिक उद्यमिता के बारे में सीख सकेंगे।
स्वच्छता और पशु नियंत्रण में सहयोग
नगर निगम विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था और आवारा पशुओं के नियंत्रण के लिए भी सहयोग करेगा।
पौधों की देखभाल में मदद करेगा BHU
डोमरी क्षेत्र में लगाए गए करीब 2.5 लाख पौधों की देखभाल के लिए भी बीएचयू आगे आया है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक समय-समय पर यहां जाकर पौधों की स्थिति की जांच करेंगे और नगर निगम की मदद करेंगे।
संपत्ति कर विवाद भी सुलझा
नगर निगम और बीएचयू के बीच लंबे समय से चल रहा संपत्ति कर विवाद भी खत्म हो गया है। नगर निगम ने इसमें कुछ रियायत दी है और बीएचयू ने बकाया राशि किस्तों में चुकाने पर सहमति जताई है।
इस सहयोग से काशी को साफ, सुंदर और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
