
जानकारी के अनुसार, रोशन पचौरा निवासी विष्णु कंवर का बेटा था। वह अपने मामा के घर तरदा आया हुआ था। शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह मामी के साथ ग्राम मड़वारानी के पास हसदेव दायीं तट नहर में नहाने गया था। नहाते समय अचानक वह तेज धार में बह गया।
मामी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव बहुत तेज था, इसलिए वह सफल नहीं हो सकीं। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी।
दोपहर में मिला शव
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग नहर में बच्चे की तलाश में जुट गए। कई घंटों की खोजबीन के बाद दोपहर करीब 3 बजे जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पंतोरा के पास नहर में रोशन का शव मिला।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
बच्चे की मौत से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से दुखी हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को नहर या नदी के पास अकेले न जाने दें और पानी के तेज बहाव से सावधान रहें।
