134वें डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में नामधारी एफसी ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए रविवार को भारतीय वायुसेना की टीम को 4-2 से हराकर ग्रुप ए में पहला स्थान हासिल कर लिया है। मुकाबला कोलकाता के विवेकानंद युबा भारती क्रीड़ांगन (सॉल्ट लेक स्टेडियम) में खेला गया।
मैच की शुरुआत में हालांकि भारतीय वायुसेना ने आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बना ली। वायुसेना की ओर से सैमुअल ने सातवें मिनट में पहला गोल दागा और स्कोर 1-0 कर दिया। लेकिन इसके बाद नामधारी एफसी ने शानदार वापसी की।
नामधारी के लिए पहला गोल 37वें मिनट में क्लेडसन ने पेनाल्टी किक पर किया और स्कोर 1-1 से बराबर हो गया। इसके बाद पहले हाफ के इंजरी टाइम (45वें मिनट) में अमनदीप ने गोल कर नामधारी को 2-1 की बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में भी नामधारी का दबदबा बना रहा। 60वें मिनट में धर्मप्रीत ने गोल करते हुए टीम की बढ़त 3-1 कर दी। वहीं 74वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी सेलिंगथांग ने चौथा गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया। हालांकि, भारतीय वायुसेना ने हार नहीं मानी और 78वें मिनट में संकित ने गोल कर स्कोर 4-2 किया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और नामधारी एफसी ने यह मुकाबला 4-2 से अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ नामधारी एफसी ने लगातार अपने दूसरे मैच में जीत दर्ज करते हुए ग्रुप ए में शीर्ष पर मजबूत पकड़ बना ली है। टीम के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास अब बढ़ गया है और टूर्नामेंट के अगले मुकाबलों में भी उनसे इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

