Site icon CHANNEL009

नेपाल के बैतड़ी में बारात की बस खाई में गिरी, 13 लोगों की मौत, 34 घायल

नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ओवरलोडिंग के कारण बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यह बस उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले के पुरचुंणी नगरपालिका क्षेत्र से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। रास्ते में पुरचुंणी के बड़गांव मोड़ पर बस संतुलन खो बैठी और करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

रेस्क्यू में जुटे ग्रामीण और पुलिस

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर नेपाल पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। रेस्क्यू के दौरान 13 लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि घायलों को डंडेलधुरा और कोटिला के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और कुछ को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी भेजने की तैयारी की जा रही है।

मृतकों में कई एक ही परिवार के

इस हादसे में केशवराज जोशी, अशोकराज जोशी, बसंत राज जोशी, विष्णु दत्त जोशी, नरेश जोशी, दीपक जोशी, किशन जोशी समेत अन्य लोगों की जान चली गई। मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह

नेपाल पुलिस ने बस चालक विरेंद्र बुढा को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस में जरूरत से ज्यादा सवारियां होना बताया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

यह हादसा एक बार फिर ओवरलोडिंग और पहाड़ी रास्तों पर लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की गंभीर याद दिलाता है।

Exit mobile version