कोलंबो/नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए भयावह आतंकी हमले के बाद जांच का दायरा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया है। भारत के प्रयासों में सहयोग करते हुए श्रीलंका ने भी सक्रियता दिखाई है। शनिवार को श्रीलंकाई पुलिस ने चेन्नई से कोलंबो पहुंचे एक विमान की सघन तलाशी ली, क्योंकि इस विमान में एक संदिग्ध आतंकी के सवार होने की सूचना मिली थी।
श्रीलंकाई पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, चेन्नई एयर ट्रैफिक कंट्रोल से एक संदिग्ध को लेकर अलर्ट मिलने के बाद, कोलंबो स्थित भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष सुरक्षा जांच की गई। हालाँकि, जांच के बाद यह स्पष्ट नहीं हुआ कि संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया या नहीं।
श्रीलंकन एयरलाइंस द्वारा जारी बयान में कहा गया कि विमान स्थानीय समय के अनुसार 11:59 बजे कोलंबो पहुंचा और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी सावधानी से तलाशी प्रक्रिया को अंजाम दिया। तलाशी के बाद विमान को आगे की उड़ानों के लिए क्लियर कर दिया गया।
22 अप्रैल का हमला: देश की आत्मा पर हमला
गौरतलब है कि पहलगाम में हुए इस आतंकवादी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी, जिनमें बड़ी संख्या में पर्यटक शामिल थे। भारतीय जांच एजेंसियों ने अब तक हमले में शामिल पांच आतंकियों की पहचान की है, जिनमें तीन पाकिस्तानी नागरिक भी बताए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले के दो दिन बाद 24 अप्रैल को कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि हमलावरों और षड्यंत्रकारियों को ऐसा दंड दिया जाएगा जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। प्रधानमंत्री ने इस हमले को भारत की आत्मा पर सीधा प्रहार करार दिया।

