Site icon CHANNEL009

पाकिस्तानी सेना के पूर्व अधिकारी का बगावती बयान: जनरल असीम मुनीर को बताया मानसिक रूप से अस्थिर

asim munir

इस्लामाबाद। भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच पाकिस्तान के एक पूर्व सैन्य अधिकारी आदिल राजा ने सेना और सरकार पर तीखा हमला बोला है। राजा ने सोशल मीडिया पर खुलकर अपनी बात रखते हुए मौजूदा सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को हटाने की मांग की और उन्हें मानसिक रूप से अस्थिर बताया।

सोशल मीडिया पर भड़के आदिल राजा
पूर्व मेजर आदिल राजा ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर कई पोस्ट में कहा कि पाकिस्तानी सरकार और सेना की मौजूदा रणनीति देश को गर्त में ले जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सोशल मीडिया की निगरानी और ट्रोलिंग यूनिट्स के जरिए विरोध को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने लिखा, “सरकार खास सॉफ्टवेयर और ब्लॉगरों के जरिए जनमत को मोड़ने की साजिश रच रही है।”

सेना प्रमुख पर गंभीर आरोप
राजा ने दावा किया कि जनरल असीम मुनीर ने ही पहलगाम आतंकी हमले का आदेश दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि मुनीर की नीतियां और निर्णय पाकिस्तान के अस्तित्व के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। उनके मुताबिक, “मुनीर को फौरन पद से हटाकर उनके खिलाफ सैन्य अदालत में मुकदमा चलाया जाना चाहिए।”

मुनीर को कहा ‘साइको’, भारत को जवाब न दे पाने पर उठाए सवाल
एक और पोस्ट में आदिल राजा ने लिखा, “जब युद्ध चल रहा हो, तब तक शांति की बात मत करो जब तक कि दुश्मन झुक न जाए। असीम मुनीर के कृत्य देश को खतरे में डाल रहे हैं।” उन्होंने उन्हें ‘साइको’ कहकर संबोधित किया और भारत की जवाबी कार्रवाई के सामने पाकिस्तान की विफलता पर सवाल उठाए।

भारत ने विफल किए पाक हमले
वहीं भारतीय रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान ने हाल ही में अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज जैसे क्षेत्रों पर हमले की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय सेनाओं ने इन सभी प्रयासों को विफल कर दिया।

Exit mobile version