पाकिस्तान की धरती एक बार फिर भूकंप के झटकों से कांप उठी। मंगलवार शाम को आए इस भूकंप ने लोगों में हलचल मचा दी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (National Center for Seismology) के अनुसार, यह झटका पाकिस्तान के फैसलाबाद डिवीजन में महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई।
कहां था भूकंप का केंद्र?
यह भूकंप झंग तहसील के पास, 31.31°N और 72.52°E निर्देशांक पर दर्ज किया गया। इसकी गहराई लगभग 111 किलोमीटर बताई गई है। गहराई अधिक होने के बावजूद, झटके कई इलाकों में महसूस किए गए।
मई में तीसरी बार कांपी धरती
गौरतलब है कि मई माह में यह तीसरी बार है जब पाकिस्तान भूकंप से प्रभावित हुआ है। इससे पहले 12 मई को क्वेटा और उसके आसपास के क्षेत्रों में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे हल्का दहशत का माहौल बन गया था।
पाकिस्तान में बार-बार क्यों आते हैं भूकंप?
भूकंप का बार-बार आना कोई संयोग नहीं है। पाकिस्तान एक भूकंपीय रूप से संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। यह क्षेत्र भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा पर आता है। इन दोनों प्लेटों की टक्कर से ही हिमालय पर्वत श्रृंखला बनी है, और यही टकराव इस क्षेत्र को भूकंप-प्रवण बनाता है।
क्या आगे और झटके आ सकते हैं?
भूकंप विज्ञानियों के अनुसार, जब प्लेट्स की सक्रियता तेज होती है तो कुछ समय के अंतराल में कई झटके महसूस हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहना चाहिए और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का पालन करना चाहिए।

