पीथमपुर की प्लास्टिक बैग फैक्ट्री में भीषण आग, थिनर और पेंट के ड्रमों से भड़की लपटें
मध्यप्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में स्थित एक प्लास्टिक बैग बनाने वाली कंपनी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा धुएं और लपटों से घिर गया। घटना के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में रखे थिनर और पेंट के ड्रमों की वजह से आग ने तेजी पकड़ ली। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण लपटें लगातार बढ़ती रहीं और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब चार फायर फाइटर वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद फैक्ट्री परिसर में तेज धमाकों जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के हिस्से को खाली कराया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील पदार्थों के गलत तरीके से रखरखाव को लेकर जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएंगे।
घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में रखा सामान और मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने कंपनी प्रबंधन से सुरक्षा मानकों की जानकारी भी मांगी है |

