पुणे के अस्पताल में बम मिलने से हड़कंप, 7 घंटे का टाइमर लगा था
महाराष्ट्र के पुणे में एक अस्पताल के अंदर संदिग्ध बम मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने तुरंत इलाके को खाली कराया और बम स्कॉड को मौके पर बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि संदिग्ध डिवाइस में करीब 7 घंटे का टाइमर लगा हुआ था। बम स्कॉड की टीम ने सतर्कता बरतते हुए बम को अस्पताल से बाहर सुरक्षित स्थान पर ले जाकर डिफ्यूज कर दिया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मरीजों और उनके परिजनों में डर का माहौल देखा गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की तलाशी ली और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) भी जांच में जुट गई है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बम अस्पताल तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है।
फिलहाल किसी संगठन ने घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

