
टिकटॉकर युवक बाथरूम में छिपे रहे 27 घंटे
बेल्जियम के रहने वाले नील रेमेरी और सीन हेवरबेक नाम के दो टिकटॉकर युवकों ने दावा किया कि उन्होंने मैच फ्री में देखने के लिए 27 घंटे तक स्टेडियम के बाथरूम में छिपकर समय बिताया। उन्होंने इस रोमांचक अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है।
मजदूर का भेस बनाकर घुसे स्टेडियम में
मैच से एक दिन पहले ही दोनों युवक मजदूरों का भेस बनाकर स्टेडियम के अंदर पहुंच गए। अंदर जाकर उन्होंने दर्शक दीर्घा में घूमते हुए वीडियो शूट किया और किसी को शक नहीं हुआ। रात होते ही दोनों ने एक बाथरूम के बाहर “आउट ऑफ ऑर्डर” का बोर्ड लगा दिया और उसी के अंदर छिप गए।
खाने-पीने का सामान साथ लाए थे
नील ने बताया कि वे खाने-पीने का सामान बैग में लेकर आए थे। टाइम पास के लिए मोबाइल पर गेम खेलते रहे। उन्होंने बताया कि लाइट चालू रहने की वजह से डर नहीं लगा, लेकिन छोटे बाथरूम में इतने लंबे समय तक रहना बहुत मुश्किल था। उन्हें नींद भी नहीं आई और यह अनुभव शारीरिक और मानसिक रूप से थका देने वाला रहा।
मैच के समय चुपचाप बाहर निकले
मैच के समय जब फैंस बाथरूम इस्तेमाल करने लगे तो नील और सीन वहां से चुपचाप निकल गए। दोनों ने सुरक्षा गार्ड्स पर नजर रखी और जिस गेट पर गार्ड ढिलाई से काम कर रहा था, वहीं से फोन पर बात करते और खाने का डिब्बा लिए हुए दर्शकों के बीच घुस गए।
पहले भी बिना टिकट घुस चुके हैं फुटबॉल मैच में
यह पहली बार नहीं है जब ये दोनों युवक बिना टिकट बड़े मैच में पहुंचे हों। इससे पहले भी ये बेल्जियम कप के फाइनल में चिप्स बेचने वाले वेंडर का भेस बनाकर स्टेडियम में घुसे थे। हालांकि इस बार का अनुभव उनके लिए खास था। नील ने बताया, “PSG की 5-0 की जीत और विजेता टीम के स्टैंड में बैठना अब तक का सबसे खास पल था।“
यह घटना दिखाती है कि कुछ लोग जुनून के चलते किस हद तक जा सकते हैं – यहां तक कि 27 घंटे बाथरूम में छिपकर भी!
