
झालावाड़ जिले में बकायादारों के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को झालरापाटन कस्बे में एक शराब ठेके के बकायादार का मकान और बाइक सीज कर ली गई। यह कार्रवाई 94 लाख रुपये का बकाया नहीं चुकाने पर की गई।
बकाया नहीं चुकाने पर हुई कुर्की
जिला आबकारी अधिकारी मुकेश प्रजापति ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में बस स्टैंड झालरापाटन स्थित शराब दुकान के पूर्व ठेकेदार राकेश कुमार शारदा पर 94,25,526 रुपये और ब्याज की राशि बकाया थी। कई बार नोटिस देने के बाद भी राशि जमा नहीं की गई, जिसके बाद उनकी चल-अचल संपत्ति की जानकारी जुटाई गई और कुर्की वारंट जारी किया गया।
मकान और बाइक सीज
बकायादार राकेश शारदा का बायपास रोड स्थित तीन मंजिला मकान और एक मोटरसाइकिल सीज कर ली गई। यदि बकाया राशि तय समय पर जमा नहीं की जाती है, तो मकान और बाइक नीलाम कर बकाया राशि वसूली जाएगी। जरूरत पड़ने पर फौजदारी मामला भी दर्ज किया जाएगा।
अन्य बकायादारों पर भी होगी कार्रवाई
प्रदेशभर में आबकारी विभाग को बकायादारों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश मिले हैं। इसी के तहत झालावाड़ जिले में भी अन्य बकायादारों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग की टीम रही मौजूद
गुरुवार को हुई इस कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार प्रजापति, आबकारी निरीक्षक माधाराम मेघवाल, प्रहराधिकारी सुरेशचंद, मदनलाल मीणा और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नीलामी कर वसूली जाएगी बकाया राशि
बकायादार को पहले नोटिस दिया गया था, लेकिन समय पर राशि जमा नहीं की गई। अब अगर जल्द ही बकाया नहीं भरा जाता, तो मकान और बाइक को नीलाम कर राशि वसूली जाएगी।
– मुकेश कुमार प्रजापति, जिला आबकारी अधिकारी, झालावाड़
