ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ चल रहे एकमात्र चार दिवसीय टेस्ट मैच में भारत ए महिला टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक शानदार बढ़त बना ली है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 8 विकेट पर 260 रन बना लिए हैं और अब उसकी कुल बढ़त 254 रन की हो चुकी है।
इस मजबूत स्थिति तक पहुंचाने में राघवी बिष्ट और शेफाली वर्मा का अहम योगदान रहा। पहली पारी में शानदार 93 रन बनाने वाली राघवी ने दूसरी पारी में भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 86 रन की पारी खेली। वहीं शेफाली वर्मा ने 52 रन बनाए। खेल खत्म होने के समय जोशिता 9 और तितास साधु 2 रन पर नाबाद थीं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 299 रन बनाए थे। पहली पारी में शेफाली वर्मा ने 35, राघवी ने 93, राधा यादव ने 33, जोशिता ने 51, मिन्नू मणि ने 28 और तितास साधु ने 23 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ए की टीम ने पहली पारी में 305 रन बनाए और भारत पर 6 रन की मामूली बढ़त हासिल की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सियाना जिंजर ने 103 रन, जबकि निकोल फाल्टम ने 54 रन बनाए। गेंदबाजी में ब्राउन और जॉर्जिया ने 3-3 विकेट झटके, वहीं सियाना जिंजर, लिली मिल्स, एमी एडगर और एला हेवार्ड को 1-1 विकेट मिला।
भारत की ओर से गेंदबाजी में सायम ठाकोर ने 3 विकेट, जबकि राधा यादव और मिन्नू मणि ने 2-2 विकेट लिए। तितास साधु, जोशिता और तनु श्री को 1-1 सफलता मिली।
अब चौथे दिन भारत ए की कोशिश होगी कि ऑस्ट्रेलिया के सामने 350 से ज्यादा का लक्ष्य रखा जाए ताकि जीत की संभावनाएं मजबूत हों।

