जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई मिसाइल स्ट्राइक को लेकर अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। इस सैन्य कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है, जिसमें लगभग 100 आतंकियों के मारे जाने की खबर है।
भारत की इस जवाबी कार्रवाई को लेकर अब ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने भी अपना समर्थन जताया है। सुनक ने दो टूक कहा कि “किसी भी संप्रभु राष्ट्र को अपनी सीमा के पार से हो रहे आतंकी हमलों को स्वीकार नहीं करना चाहिए। भारत ने जो कार्रवाई की है, वह आतंक के विरुद्ध एक उचित और आवश्यक कदम है। आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।”
पहलगाम हमले की पहले भी की थी निंदा
ऋषि सुनक ने पहले भी जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर गहरा दुख जताया था। उन्होंने कहा था, “इस भयावह हमले ने नवविवाहित जोड़ों, मासूम बच्चों और खुशियां मना रहे परिवारों को छीन लिया। हमारा दिल इन पीड़ितों के लिए दुखी है। ब्रिटेन इस दुःख की घड़ी में भारत के साथ खड़ा है। आतंक कभी जीत नहीं सकता।”
ब्रिटेन की पूर्व गृह मंत्री प्रीति पटेल का भी समर्थन
पूर्व प्रधानमंत्री के अलावा, ब्रिटेन की पूर्व गृह मंत्री प्रीति पटेल ने भी भारत की इस सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया है। हाउस ऑफ कॉमन्स में बोलते हुए उन्होंने कहा, “भारत को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है। हम भारत के साथ खड़े हैं और आतंकवाद से लड़ने के लिए साझेदारी और सहयोग को और मजबूत करने की जरूरत है।”

