भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ संजू सैमसन इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं और एशिया कप 2025 के लिए टीम में जगह बनाने को तैयार हैं। आक्रामक अंदाज के लिए मशहूर संजू का कहना है कि उनका एक बड़ा सपना है – एक ओवर में 6 छक्के लगाना।
यह सपना सुनकर भारतीय क्रिकेट फैन्स को तुरंत युवराज सिंह की याद आ जाती है। साल 2007 में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगातार 6 छक्के जड़कर युवराज ने इतिहास रच दिया था। उस वक्त पूरी दुनिया ने भारतीय बल्लेबाज़ी की ताकत को देखा था और यह पल आज भी क्रिकेट फैंस के दिल में ताज़ा है।
रविचंद्रन अश्विन के शो कुट्टी स्टोरीज में बातचीत के दौरान सैमसन ने कहा— “संन्यास लेने से पहले मेरा सपना है कि मैं एक ओवर में 6 छक्के मारूं।”
संजू इस कारनामे के बेहद करीब भी आ चुके हैं। पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने लगातार 5 गेंदों पर 5 छक्के जड़ दिए थे। उस पारी में उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों में शतक पूरा किया था। अगर आखिरी गेंद पर भी छक्का लगता, तो वह युवराज सिंह के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेते।
संजू सैमसन ने जुलाई 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था। अब तक उन्होंने 42 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें 3 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। 2024 में वह एक कैलेंडर वर्ष में 3 टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ बने।
अब देखना यह होगा कि क्या संजू सैमसन आने वाले किसी मैच में युवराज सिंह जैसा ऐतिहासिक पल दोहरा पाते हैं या नहीं। अगर ऐसा हुआ, तो यह भारतीय क्रिकेट के लिए एक और अविस्मरणीय याद बन जाएगी।

