
शहर के सर्विस लेन और बाजार इलाकों में बेतरतीब वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही थी। इस पर लगातार खबरें छपने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई और मंगलवार को सख्त कार्रवाई की।
कहां-कहां की गई कार्रवाई?
ट्रैफिक पुलिस ने महावीर चौक, जय स्तंभ चौक, मानव मंदिर चौक, सिनेमा लाइन, आजाद चौक और भारत माता चौक में पेट्रोलिंग कर नो पार्किंग में खड़े 86 वाहनों पर कार्रवाई की और ₹42,900 का जुर्माना वसूला।
व्यापारियों की मनमानी बनी परेशानी
पुराना बस स्टैंड से गुरुनानक चौक तक सर्विस लेन में दोनों ओर व्यापारी अपने भारी वाहन खड़े करके लोडिंग-अनलोडिंग करते हैं। इसके अलावा, जलाराम मिष्ठान भंडार और आसपास की दुकानों के सामने भी दिनभर दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क पर खड़े रहते हैं, जिससे हर समय जाम की स्थिति बन जाती है।
आगे क्या होगा?
ट्रैफिक टीआई अजय खेस ने बताया कि नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई जारी रहेगी। सर्विस लेन में दुकानों के सामने गाड़ियां पार्क करने और लोडिंग-अनलोडिंग करने वालों पर भी जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।
