
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में लोगों ने नगर निकाय चुनाव समय पर कराने की मांग उठाई है। मंगलवार को लोगों ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा। इसमें स्थानीय निकायों के परिसीमन को रोकने और समय पर चुनाव करवाने की अपील की गई।
परिसीमन पर उठाए सवाल
लोगों का कहना है कि राज्य सरकार राजनीतिक भावना से प्रेरित होकर गलत तरीके से परिसीमन कर रही है, जो संविधान का उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि कई निकायों का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी चुनाव नहीं करवाए गए और वहाँ प्रशासक नियुक्त कर दिए गए हैं।
जनगणना के आधार पर ही हो परिसीमन
ज्ञापन में बताया गया कि 2011 की जनगणना के आधार पर पहले ही 2019-20 में परिसीमन हो चुका है। और चूंकि 2021 की जनगणना अब तक नहीं हुई है, इसलिए नया परिसीमन करना नियमों के खिलाफ है।
सरकार को मिली 15% आबादी बढ़ाने या घटाने की छूट को भी दुरुपयोग का जरिया बताया गया है।
कौन-कौन रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपते समय सियाराम, हनुमान, बीरबल और शंभू सहित कई लोग उपस्थित रहे।
सरकार की योजना
इस बीच यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा है कि मई तक निकायों का पुनर्गठन पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची तैयार की जाएगी, जो अगस्त-सितंबर तक पूरी होगी।
सरकार की योजना है कि नवंबर तक ‘एक राज्य, एक चुनाव’ के तहत सभी नगर निकाय चुनाव पूरे करवा दिए जाएंगे।
