
यह समारोह जयपुर के जमवारामगढ़ में हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पत्रिका समूह के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने श्रमदान किया और वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान का शुभारंभ किया।
सीएम भजनलाल ने इस मौके पर कहा कि राजस्थान में पानी की आवश्यकता सबसे अधिक है और यहां पानी की कीमत भी अच्छी तरह समझी जाती है। उन्होंने रामगढ़ बांध के पानी के मुख्य स्रोत बाणगंगा नदी के पौराणिक महत्व का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ बांध के लिए एक-एक बूंद अमृत बनकर सुखद परिणाम लाएगी।
जल संरक्षण में जनप्रतिनिधियों की भूमिका
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के जलस्रोतों के जीर्णोद्धार के लिए योजनाएं तैयार करें, क्योंकि यह जनकल्याण का कार्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वच्छता, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों का उदाहरण देते हुए कहा कि जल संरक्षण को भी जन-जन का अभियान बनाना होगा।
पत्रिका की सराहना
सीएम भजनलाल शर्मा ने रामगढ़ बांध के पुनर्निर्माण में राजस्थान पत्रिका की भूमिका की सराहना करते हुए कहा, “मैं गुलाब कोठारीजी और पत्रिका परिवार का धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने इस पहल को आगे बढ़ाया। पत्रिका ने लगातार रामगढ़ बांध की ओर ध्यान आकर्षित किया।”
