रियल कश्मीर एफसी ने रविवार को खुमान लम्पक स्टेडियम में खेले गए 134वें डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के ग्रुप एफ मुकाबले में नेरोका एफसी को 3-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ रियल कश्मीर ने अपने ग्रुप चरण के तीन मैच पूरे कर लिए और छह अंक हासिल किए। अब ग्रुप एफ की अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर कौन रहेगा, यह मंगलवार को होने वाले भारतीय नौसेना और टीआरएयू एफसी के बीच अंतिम ग्रुप मैच के बाद तय होगा।
मैच की शुरुआत से ही रियल कश्मीर ने आक्रामक खेल दिखाया। 32वें मिनट में टीम के अनुभवी डिफेंडर सलाम रंजन सिंह ने गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, 67वें मिनट में मेजबान नेरोका एफसी के लुकास चागास ने गोल करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद रियल कश्मीर ने फिर से लय पकड़ी और 70वें मिनट में मारेट तारेक ने गोल करके टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। मैच के अंतिम पलों में, 82वें मिनट में मोदौ एमबेंगु ने एक और गोल दागकर जीत पक्की कर दी।
इस नतीजे के साथ रियल कश्मीर के छह अंक हो गए हैं, जबकि नेरोका एफसी के खाते में सिर्फ दो अंक हैं और उनका सफर यहीं थमता नजर आ रहा है। अब सभी की निगाहें भारतीय नौसेना बनाम टीआरएयू एफसी मैच पर होंगी, जो यह तय करेगा कि क्वार्टर फाइनल में ग्रुप एफ से कौन सी टीम शीर्ष पर रहकर पहुंचेगी।

