
लावारिस पशु छोड़ने पर कार्रवाई
अगर कोई व्यक्ति दूध निकालने के बाद अपनी गाय या अन्य पालतू पशु को सड़क पर खुला छोड़ देता है, तो उस पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। शहर की सड़कों और नेशनल हाईवे पर पशुओं के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। कई बार बैरिकेडिंग के बावजूद पशु सड़क पर बैठ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
कचरा सड़क पर फेंकने पर भी जुर्माना
जो लोग अपने घर का कचरा सड़क या खाली जगह पर फेंकते हैं, उनसे 500 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। सड़कों पर पड़े कचरे और पॉलिथीन खाने से कई गायों की मौत भी हो रही है। प्रशासन का कहना है कि जब तक लोगों की जिम्मेदारी तय नहीं होगी, तब तक समस्या खत्म नहीं होगी।
कचरा गाड़ियों की एप से निगरानी
नगर पालिका अब मोबाइल एप के जरिए कचरा गाड़ियों की निगरानी कर रही है। एप में पंजीकृत लोगों को कचरा गाड़ी की लोकेशन और आने का समय पता चलेगा। सभी कचरा वाहनों में जीपीएस लगाया गया है, ताकि वे रोजाना हर वार्ड में जाएं। खराब गाड़ियों की मरम्मत भी कराई जा रही है।
गश्त के लिए टीमें तैनात
सफाई निरीक्षक और विशेष टीमें सुबह और शाम शहर के चौराहों, हाइवे और रिहायशी इलाकों में गश्त करेंगी। अगर कहीं पालतू पशु सड़क पर मिला तो मौके पर ही उसके मालिक पर जुर्माना लगाया जाएगा।
सीएमओ की अपील
सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को घर पर बांधकर रखें और कचरा केवल डोर-टू-डोर गाड़ी में ही डालें। उन्होंने साफ कहा है कि अब किसी भी तरह की सिफारिश या नरमी नहीं बरती जाएगी। शहर की सुरक्षा और साफ-सफाई से कोई समझौता नहीं होगा।
