त्रिनिदाद और टोबैगो के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज अब 1-1 से बराबर हो गई है। अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला मंगलवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा, जो विजेता का फैसला करेगा।
दूसरे वनडे में मौसम का असर साफ दिखाई दिया। लगातार हो रही बारिश के कारण मैच का ओवर घटाकर 37-37 कर दिया गया। टॉस वेस्टइंडीज के कप्तान ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पाकिस्तान की पारी धीमी शुरुआत के साथ आगे बढ़ी और टीम 37 ओवर में 7 विकेट पर सिर्फ 171 रन ही बना सकी।
पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा रन हसन नवाज ने बनाए, जिन्होंने 36 रन की पारी खेली। उनके बाद हुसैन तलत ने 31 रन का योगदान दिया। कप्तान मोहम्मद रिजवान का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उन्होंने 38 गेंदों पर केवल 16 रन बनाए। इससे टीम की रन गति और भी धीमी हो गई। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स पाकिस्तान के लिए बड़ी मुश्किल बने। उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से 23 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
बारिश के चलते DLS नियम के तहत वेस्टइंडीज को 35 ओवरों में 181 रन का लक्ष्य दिया गया। वेस्टइंडीज की शुरुआत भी खास नहीं रही और 24वें ओवर तक उनका स्कोर 5 विकेट पर 111 रन था। ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान मैच में वापसी कर सकता है, लेकिन इसके बाद रोस्टन चेज और जस्टिन ग्रीव्स ने मोर्चा संभाल लिया।
चेज और ग्रीव्स ने छठे विकेट के लिए नाबाद 77 रन की साझेदारी की। रोस्टन चेज ने 47 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 1 चौका शामिल था। वहीं, जस्टिन ग्रीव्स ने 31 गेंदों पर 26 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। वेस्टइंडीज ने 33.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 184 रन बनाए और मैच जीत लिया।
इससे पहले खेले गए पहले वनडे में पाकिस्तान ने 5 विकेट से जीत हासिल की थी, लेकिन दूसरे मैच में मिली हार ने सीरीज को रोमांचक बना दिया है। अब दोनों टीमों के पास सीरीज जीतने का एक-एक मौका है, जो मंगलवार को होने वाले आखिरी मुकाबले में मिलेगा। बता दें कि वनडे सीरीज से पहले पाकिस्तान ने फ्लोरिडा में खेली गई टी-20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी.

