
राजस्थान में भाजपा फिर से एक्टिव मोड में आ गई है। पार्टी के सभी विधायकों के लिए 5 से 7 मई तक गुजरात के अहमदाबाद में तीन दिन का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।
विधायकों को मिलेंगे ट्रेनिंग और टिप्स:
इस शिविर में विधायकों को संगठन की मजबूती, अच्छी शासन व्यवस्था, जनसेवा और नीति बनाने जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। साथ ही वरिष्ठ नेताओं से उन्हें विधानसभा में बेहतर काम करने और जनता से जुड़ने के तरीके भी सिखाए जाएंगे।
पार्टी अभियानों को मिलेगी ताकत:
यह ट्रेनिंग शिविर भाजपा के “संपर्क से समर्थन” और “संगठन से सेवा” जैसे अभियानों को मजबूत करने के लिए है। इसमें विधायकों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक सही तरीके से पहुंचाने पर फोकस किया जाएगा।
पहली बार राज्य से बाहर ट्रेनिंग:
यह पहली बार है जब राजस्थान के भाजपा विधायकों का ऐसा प्रशिक्षण शिविर राज्य के बाहर किया जा रहा है। इसे पार्टी की एकजुटता और आगे की रणनीति से जोड़ा जा रहा है।
फीडबैक से बनेगी रिपोर्ट:
शिविर में विधायकों से सरकार और संगठन के कामकाज को लेकर फीडबैक भी लिया जाएगा। इस फीडबैक से एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जो आगे मंत्रिमंडल विस्तार और नई नीतियों के लिए काम आएगी।
नए विधायकों को दिशा देने की कोशिश:
क्योंकि राजस्थान विधानसभा में भाजपा के कई विधायक पहली बार चुनकर आए हैं, इसलिए यह ट्रेनिंग उन्हें जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी भूमिका को समझाने में मदद करेगी।
पंचायत चुनाव भी एजेंडे में शामिल:
शिविर में पंचायत चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। पिछली बार विपक्ष में होने के कारण भाजपा को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब सत्ता में होने की वजह से पार्टी गांवों में अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है।
संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल:
कहा जा रहा है कि इस ट्रेनिंग कैंप के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंत्रिमंडल में बदलाव भी कर सकते हैं। उनके दिल्ली दौरे इसी दिशा में संकेत दे रहे हैं।
