साइबर ठगी के शिकार हुए?
आरोपी पकड़े जाने से पहले भी वापस मिल सकता है आपका पैसा
देश में बढ़ते साइबर फ्रॉड के मामलों के बीच लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। अब साइबर ठगी का शिकार होने पर आरोपी के पकड़े जाने का इंतजार किए बिना भी पीड़ित अपना पैसा वापस पाने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
विशेषज्ञों और साइबर अधिकारियों के मुताबिक, अगर फ्रॉड होते ही तुरंत शिकायत दर्ज कराई जाए तो ट्रांजैक्शन को ट्रैक कर रकम को फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है। कई मामलों में समय रहते कार्रवाई होने पर पीड़ितों को उनका पैसा वापस भी मिला है।
साइबर अपराध होने पर सबसे पहले राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने और cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी जाती है। जितनी जल्दी शिकायत होगी, रकम रिकवर होने की संभावना उतनी ज्यादा रहेगी।
अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के तरीके भी बदल रहे हैं। ऐसे में लोगों को अनजान लिंक, फर्जी कॉल और OTP शेयर करने से बचना चाहिए।
साइबर सेल लगातार लोगों को जागरूक करने और ठगी की रकम जल्द रोकने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रही है।

