उप्साला (स्वीडन), 29 अप्रैल: स्वीडन के उप्साला शहर में मंगलवार को एक हेयर सैलून में अचानक हुई अंधाधुंध फायरिंग में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह वारदात शहर के व्यस्त वाक्साला स्क्वायर इलाके में घटी, जहां उस समय भारी भीड़ मौजूद थी।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना वालपुर्गिस नाइट नामक पारंपरिक वसंत उत्सव की पूर्व संध्या पर हुई, जिस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर त्योहार मना रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब अचानक गोलियों की आवाज़ें सुनाई दीं, तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्वीडिश पुलिस ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही कई यूनिट्स मौके पर पहुंचीं और घेराबंदी कर दी गई। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, कई लोगों को गोली लगी है और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने शहर के एक बड़े हिस्से को सील कर दिया है और हमलावरों की तलाश जारी है।
इससे पहले, इसी साल फरवरी में ओरेब्रू शहर में भी एक व्यक्ति द्वारा एजुकेशन सेंटर में की गई फायरिंग में 10 लोगों की जान गई थी। उस घटना के बाद सरकार ने हथियार नियंत्रण कानूनों को सख्त करने की दिशा में कदम उठाने की घोषणा की थी।
फिलहाल उप्साला की यह ताजा घटना एक बार फिर स्वीडन में सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है। अधिकारियों ने जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

